परिवहन: रोडवेज बसों और ट्रेन के टिकटों की बुकिंग भी
सीईओ निखिल टी फुंडे ने बताया कि शहर में एमजी रोड समेत अन्य मार्गों पर चलाई जा रहीं ई-सिटी बसों के आवागमन की समयसारिणी के साथ उनकी लाइव लोकेशन भी इस एप पर नजर आएगी। जिस जगह आप हैं, उससे कितनी दूर पर सिटी बस मिलेगी और कितनी देर में उस स्टॉपेज पर पहुंचेगी, इसकी लाइव लोकेशन इस एप में दिखती रहेगी।
केवल सिटी बस का किराया और सारिणी नहीं, बल्कि रोडवेज बसों की बुकिंग, आईआरसीटीसी, रेड बस आदि के टिकट भी मेरा आगरा एप से बुक कराए जा सकेंगे। मेट्रो ट्रेन शुरू होने पर उसके रूट, किराया, लोकेशन आदि की ब्योरा भी इस एप पर मिलेगा।
पर्यटन: फोटो के साथ गाइड का ब्योरा
आगरा स्मार्ट सिटी के ललित गुप्ता ने बताया कि एप में ऐसा फीचर है, जो पर्यटकों को लपकों का शिकार होने से बचाएगा। मेरा आगरा में एप्रूव्ड गाइडों का फोटो के साथ पूरा ब्योरा होगा। इनका मोबाइल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर इस एप में नजर आएगा। पर्यटक उनकी बुकिंग कर सकेंगे। फोटो उपलब्ध होने से गाइड अपनी जगह किसी अन्य को नहीं भेज सकेंगे। सभी स्मारकों का वर्चुअल टूर भी एप पर होगा।
ट्रैफिक का ई-चालान कर सकेंगे जमा
स्मार्ट सिटी पीएमसी लीडर आनंद मेनन ने बताया कि इस एप से आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा कैमरों से किए गए ऑनलाइन चालान भी जमा किए जा सकेंगे। जो चालान कोर्ट में हैं, उन्हें भी ई-कोर्ट चालान के जरिए जमा किया जा सकता है। इसमें आसपास की सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ बाजार, पेट्रोल पंप, होटल, रेस्टोरेंट, एटीएम आदि की जानकारी भी मिल सकेगी।
हेल्पलाइन और कार्यक्रमों की सूचना
शहर में होने वाले कार्यक्रमों की सूचना भी इस एप पर लोग अपलोड कर सकेंगे। किसी भी कार्यक्रम की सूचना एप पर देने के बाद टीम उस सूचना का सत्यापन करेगी और जनहित की सूचनाओं को एप पर अपकमिंग प्रोग्राम शीर्षक से देखा जा सकेगा। कंट्रोल रूम हेल्प लाइन के साथ बिजली, पानी, सड़क, सफाई समेत सभी हेल्पलाइन नंबर एप में मौजूद रहेंगे। किसी इमरजेंसी में एसओएस के जरिए चार लोगों को सहायता का संदेश अपने आप चला जाएगा और सामूहिक समस्या में फोटो खींचकर अपलोड किया जा सकेगा।