आगरा मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक का ढांचा बमरौली कटारा स्थित कास्टिंग यार्ड में बनेगा। एलिवेटेड ट्रैक के यू-गार्डर, पियर कैप व अन्य कॉन्क्रीट के निर्माण के लिए सेम इंडिया बिल्टवेल ने दो रोलिंग गेंट्री क्रेन लगाई हैं। ये दोनों क्रेन रेल की पटरियों पर चलती हैं।
मेट्रो परियोजना के लिए भारी मशीनों का आगरा पहुंचना शुरू हो गया है। एक तरफ फतेहाबाद रोड पर 6 रिग मशीनों से पाइल खोदाई हो रही है, दूसरी तरफ कास्टिंग यार्ड में अत्याधुनिक रोलिंग क्रेन स्थापित की गई है। मेट्रो प्रोजेक्ट के डायरेक्टर अरविंद राय ने बताया कि क्रेन की चौड़ाई 30 मीटर है।
दोनों तरफ रेल की पटरियां हैं। इनके ऊपर क्रेन चलती है। क्रेन से भारी कॉन्क्रीट ढांचे उठाए और बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यू गार्डर व पियर कैप निर्माण में गेंट्री क्रेन से मदद मिलेगी। कॉन्क्रीट के ढांचों का निर्माण के लिए विशालकाय सांचे भी मंगाए जा रहे हैं।