आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर मतदान लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन कुछ बूथों पर मतदाताओं की नाराजगी भी देखी गई। फतेहपुर सीकरी में मंगोली कलां गांव के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।
मतदान बहिष्कार के चलते गांव स्थित पोलिंग बूथ पर दोपहर एक बजे तक कोई मतदाता नहीं पहुंचा है। मामला सामने आते ही जिला प्रशासन ने एसीएम को मौके पर भेजा है। जिला प्रशासन के लोग मतदाताओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मंगोली कलां गांव के ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में तमाम समस्याएं हैं। पेयजल की किल्लत है। सड़कें नहीं बनी है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बूथ पर तब तक मतदान नहीं करेगा, जब तक विकास कार्यों को लेकर कोई आश्वासन नहीं मिलेगा।
धरने पर बैठे मतदाता
धरने पर बैठे मतदाता
- फोटो : अमर उजाला
उधर, फतेहाबाद के गांव नयापुरा खंडेर में मतदान केंद्र को तीन किलोमीटर दूर बनाए जाने से गुस्साए ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीण पुराने मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। खेरागढ़ में भी कुछ बूथों पर देर से मतदान शुरू हुआ।
उन्होंने प्रशासन तथा क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अफसर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि जब मतदान केंद्र गांव में बनेगा, वे तभी मतदान करेंगे।
सिस्टम ने दिया दगा
ईवीएम खराब होने के कारण मतदान के लिए इंतजार करते मतदाता
- फोटो : अमर उजाला
मतदान के दौरान कई जगह सिस्टम दगा दे गया। ईवीएम खराब थीं। इन्हें बदला गया। इस कारण एक घंटे तक मतदान रुका रहा। इसके बाद तेज गति पकड़ ली।जलेसर के गांव तिकाथर में ईवीएम खराब थी। आगरा में तुलाराम इंटर कॉलेज में भी यही दिक्कत थी।
मलपुरा के बूथ संख्या 232 पर एक घंटा देरी से मतदान हुआ। कई जगह वोटर लिस्ट से नाम गायब मिले। फर्जी मतदान की शिकायतें भी आने लगीं। इसके बावजूद वोटरों का उत्साह कम नहीं है। अछनेरा में सुबह नौ बजे तक शिव प्रसाद इंटर कॉलेज में 17 फीसदी वोट पड़ गए।
बाह के मंसुखपुरा में ढाई घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ। यहां भी ईवीएम खराब थी।किरावली के बैमन गांव में ईवीएम खराब थी। जगनेर के मेवली बूथ पर सुबह नौ बजे तक 20 फीसदी वोट पड़ चुके थे।अछनेरा कस्बा में सुबह नौ बजे तक 12 फीसदी वोट पड़ चुके थे।