आगरा में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर थाना न्यू आगरा में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें धारा 144 के उल्लंघन सहित सरकारी कार्य में बाधा का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इन लोगों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मंगलवार शाम तकरीबन 4:15 बजे पुलिस गश्त पर थी। एसआई रणजीत सिंह सरला बाग एक्सटेंशन के सामने आए। वहां पर एक महिला और चार लोग खड़े हुए थे। पुलिस के टोकने पर अभद्रता कर दी। मोहल्ले के लोगों को भी बुलाने लगे। सूचना पर थाने की फोर्स पहुंच गई। तीन लोगों को पकड़ लिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में न्यू लायर्स कालोनी निवासी मयंक, सरला बाग निवासी पुष्पेंद्र सिंह, शारदा देवी, लव कुमार, हाथरस के सहपऊ निवासी राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुष्पेंद्र, मयंक और राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया।