आगरा के दयालबाग क्षेत्र में गंगाजल की मांग को लेकर प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। दयालबाग के रनधीर नगर में महिलाओं ने गंगाजल देने की मांग को लेकर रविवार को जल निगम के विरुद्ध प्रदर्शन किया और मटके फोड़े। इससे पूर्व शनिवार को वीर नगर क्षेत्र की महिलाओं ने जलनिगम और जलकल विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन करने वाले सौरभ चौधरी ने बताया कि दयालबाग की 34 कॉलोनियों में पांच किलोमीटर लंबी लाइन डाली जानी थी। दो करोड़ रुपये स्वीकृत भी हुए, लेकिन अभी तक केवल एक ही कॉलोनी में लाइन डाली जा सकी है। आसपास की कॉलोनियों को छोड़ दिया गया है। अगर यही रवैया रहा तो दयालबाग के निवासी जल निगम के अधिकारियों को बंधक बनाएंगे।
प्रदर्शन के दौरान सत्यवीर चौधरी, मिथलेश श्रीवास्तव, धर्मवीर चौधरी, लीलावती, शशि कुशवाह, रेखा रानी, डॉली कंसल, मंजेश कुशवाह, ममता कुशवाह, मंजू शर्मा, शीतल, ऊषा, नीलम चौधरी, सपना कुशवाह, वेदमंती त्यागी, ललिता, सुमन आदि मौजूद रहीं।
पानी के लिए बहाना पड़ा पसीना
एमजी रोड पर पाइपलाइन के लीकेज के कारण संजय प्लेस सहित छह इलाकों में रविवार को भी पानी का संकट रहा। भीषण गर्मी में लोगों को पानी का इंतजाम करने के लिए पसीना बहाना पड़ा। जलकल ने शाम को जलापूर्ति का दावा किया गया मगर पानी महज आधा घंटा ही मिला। उधर, शहीद नगर, नरायच और वाटरवर्क्स में भी लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ा।