जल्द आवंटित कराएं आवास
आगरा विकास प्राधिकरण की नरायच आवासीय योजना में खाली पड़े आवासों की आवंटन प्रक्रिया जल्द शुरू कराने के निर्देश मंडलायुक्त ने एडीए उपाध्यक्ष राजेन्द्र पैंसिया को दिए हैं। नरायच में बीएसयूपी योजना के तहत तीन हजार से अधिक आवास खाली पड़े हैं। मंडलायुक्त ने कहा, आवंटन से पूर्व आवासों में अधूरे कार्यों को पूर्ण करा लिया जाए। आवासों की आवंटन प्रक्रिया के लिए परियोजना अधिकारी डूडा को नामित किया है।
गुणवत्ता की नहीं आईं रिपोर्ट
मंडल में 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 20 से अधिक परियोजनाएं निर्माणधीन हैं। इनमें गुणवत्ता की जांच के लिए तीन महीने पहले मंडलायुक्त ने नोडल अधिकारी नामित किए थे। मंगलवार की बैठक में अधिकारी गुणवत्ता रिपोर्ट लेकर नहीं आए। इससे नाराज मंडलायुक्त ने नोडल अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। बैठक में मंडलायुक्त ने 50 लाख रुपये की लागत वाली योजनाओं को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
तीसरी लहर: ऑक्सीजन प्लांट, टेस्टिंग लैब करें तैयार
मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर मंडल में प्रस्तावित ऑक्सीजन प्लांट को 20 जुलाई तक क्रियाशील करने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने बताया कि टेस्टिंग लैब, कोविड हॉस्पिटल चिह्नित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, मंडल में आठ ऑक्सीजन प्लांट चालू हो गए हैं। 20 प्लांट आगामी दस दिनों में क्रियाशील हो जाएगे। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय से कहा रेलवे स्टेशन पर अनिवार्य रूप से प्रत्येक यात्री की कोविड जांच की जाए। बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थलों पर औचक जांच शिविर लगाएं। तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए मंडलायुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, भर्तियां व अन्य संसाधन जुटाने के निर्देश दिए हैं। बरसात में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चलाने को कहा है।
फिरोजाबाद में बढ़ेगी टेस्टिंग क्षमता
मंडलायुक्त ने फिरोजाबाद वेटरनरी इंस्टीट्यूट लैब की क्षमता बढ़ाने के निदेश डीएम को दिए हैं। पहले यहां प्रतिदिन दो हजार लोगों की जांच होती थी। जिसे बढ़ाकर अब पांच हजार किया जाएगा।
मथुरा में सात दिन में दिलाएं जमीन
मथुरा डीएम ने सड़क के लिए वन विभाग से जमीन नहीं मिलने की समस्या उठाई। जिसके संबंध में मंडलायुक्त ने सात दिन में वन विभाग द्वारा जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मैनपुरी में अधिग्रहण में न आए अड़चन
मैनपुरी में सड़कों के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की अड़चनों पर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने डीएम मैनपुरी से कहा, भूमि अधिग्रहण के लिए पक्षकारों से संवाद स्थापित कर समस्या का निस्तारण कराएं। अधिग्रहण के कारण सड़कों के रुके हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं।
राजा मान सिंह हत्याकांड : सजायाफ्ता नौ बंदी जयपुर केंद्रीय जेल भेजे, पढिए क्या था मामला