आगरा के कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन बुद्ध पार्क की चहारदीवारी का एक हिस्सा झुकने के बाद नगर निगम ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निगम ने तकनीकी खामियों और सुरक्षा उपायों को लेकर जवाब मांगा है।
आगरा के कालिंदी विहार 100 फुटा रोड, शाहदरा में निर्माणाधीन बुद्ध पार्क की चहारदीवारी का एक हिस्सा झुकने के मामले में नगर निगम ने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने मै. एके इंटरप्राइजेज को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। तय समय में जवाब नहीं देने पर अनुबंध की शर्तों के तहत जुर्माना लगाया जाएगा।
10 जुलाई को कालिंदी विहार 100 फुटा रोड, शाहदरा के पास निर्माणाधीन बुद्ध पार्क की चहारदीवारी के झुकने की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने निरीक्षण किया था। इसमें निर्माणाधीन चहारदीवारी का एक हिस्सा झुका मिला था। निर्माण कार्य के दौरान इस प्रकार दीवार का झुक जाना गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर सवाल खड़े करता है। इस पर ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
ठेकेदार से पूछा गया है कि वर्षा जल निकासी की व्यवस्था, नींव की सुरक्षा तथा चहारदीवारी को सुरक्षित रखने के लिए फर्म ने कौन-कौन से तकनीकी एवं सुरक्षात्मक उपाय अपनाए। निगम ने चहारदीवारी के पुनर्निर्माण के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना मांगी है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है, तो यह माना जाएगा कि ठेकेदार के पास अपने पक्ष में कहने के लिए कुछ नहीं है। ऐसी स्थिति में अनुबंध की शर्तों और नियमों के तहत जुर्माना लगाने के साथ अन्य कार्रवाई की जाएगी।