अग्निपथ योजना के विरोध में सोशल मीडिया पर भारत बंद का आह्वान होने के कारण कासगंज जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। जिले के मिनी स्टेडियम में पुलिस तैनात रही। जिससे स्टेडियम में विरोध प्रदर्शन के लिए युवा एकत्रित न हो सकें। इसके अलावा इलाके कई मार्गों पर पुलिस की कड़ी चौकसी रही। नगर के सार्वजनिक स्थानों, रोडवेज, बस स्टैंड चौराहों पर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी अनिल कुमार सिसोदिया लगातार सभी थानों से अपडेट लेते रहे। पूरा दिन शांति के साथ गुजरा। योजना को लेकर किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ।
रेलवे स्टेशनों पर रही कड़ी चौकसी
रेलवे स्टेशन पर कड़ी सतर्कता रहा। रेलवे सुरक्षा बल के जवान स्टेशन परिसर व रेलवे लाइन के आउटर प्वाइंट पर लगातार नजर बनाए हुए थे। रेलवे स्टेशन के गेट पर रेलवे पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ डटी थी। रेलवे स्टेशन पर लगातार दिन रात चौकसी की जा रही है। रेलवे के सेक्शन इंजीनियर विभाग के लोग भी लगातार रेलपथ पर पेट्रोलिंग कर रहे हैं। रेलवे परिसर व स्टेशन परिसर के आसपास कहीं भी विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। बंद का भी कहीं कोई असर देखने को नहीं मिला। सहावर, गंजडुंडवारा, पटियाली रेलवे स्टेशनों पर भी कड़ी चौकसी रही। यहां भी पुलिस लगातार गश्त करती नजर आ रही थी।
सीओ सिटी दीप कमार पंत ने कहा कि पुलिस लगातार अलर्ट पर है। बंद के आह्वान को देखते हुए पुलिस की टीमें जगह-जगह तैनात की गई हैं। कहीं भी कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस की सतर्कता लगातार जारी है।