कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके व्यापारियों ने गुरुवार को बाजार बंद कर दिया। जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे व्यापारियों ने दक्षिणांचल एमडी के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और बिजली न मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
कस्बे में अघोषित कटौती के विरोध में व्यापारी लामबंद हुए तो चंद पलों में पूरा बाजार बंद हो गया। एकजुट व्यापारियों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला। सीओ अखिलेश भदौरिया ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी तकिया चौराहे पर धरने पर बैठ गए। बसपा विधायक डा. धर्मपाल सिंह और भाजपा के प्रदेश मंत्री रामप्रताप सिंह चौहान भी धरनास्थल पर आ गए।
विधायक ने कहा कि बिजली कटौती की समस्या को लेकर पावर कारपोरेशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल से बात की है। आश्वासन दिया है कि कटौती नहीं होगी। भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि बिजली कटौती से किसान, व्यापारी समेत हर वर्ग परेशान है। धरने में रामप्रताप सिंह तोमर, विनय कुमार जैन, रामनाथ गुप्ता, रमन जैन, राजेंद्र वर्मा, अनिल अग्रवाल, सुबोध शर्मा, किशोर जैन, अभयनाथ सिंह, अजय गुप्ता, सभासद राकेश मौर्या, केशवदत्त निमेष आदि मौजूद रहे।
फतेहाबाद, सीकरी में भी कटौती
फतेहाबाद और सीकरी क्षेत्र की जनता को भी बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। 24 घंटे में से महज आठ घंटे ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है। यहां भी लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में दिन के समय में गर्मी में सात से आठ घंटे कटौती की जा रही है। फतेहाबाद में रात में प्रतिदिन दस बजे बजे कटौती होती है, जो 1:30 बजे तक रहती है।