मथुरा के एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह श्रीकृष्ण जन्मस्थान ईदगाह प्रकरण के पक्षकार हैं। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई थी। इस मामले में आगरा की जामा मस्जिद के सदर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मथुरा में जामा मस्जिद आगरा के सदर मोहम्मद जाहिद उर्फ पप्पू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर से मुलाकात की। एसएसपी ने उनके द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को एसएसपी आगरा को भेजे जाने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जामा मस्जिद आगरा के सदर की गिरफ्तारी के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि एसएसपी ने इस प्रार्थना पत्र को आगरा एसएसपी भेजे जाने का आश्वासन दिया है। प्रार्थना पत्र में वादी ने खुद की सुरक्षा की गुहार भी लगाई है।
बता दें कि महेंद्र प्रताप सिंह ने आगरा के पुरातत्व विभाग को नोटिस भेजकर कहा था कि जामा मस्जिद की सीढ़ियों के नीचे दबे ठाकुर केशव देव विग्रह को श्रीकृष्ण जन्मस्थान वापस लाया जाए। इसके बाद ही उन्हें धमकी मिली है। इसका ऑडियो वायरल हुआ था। इसके बाद महेंद्र प्रताप सिंह ने आगरा में मोहम्मद जाहिद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाई है।