आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आवासीय इकाई के संस्थानों व संबद्ध कॉलेजों में वेब रजिस्ट्रेशन के अनुपात में अभी तक बहुुत कम प्रवेश हुए हैं। स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए करीब 2.23 लाख छात्रों ने वेब रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि प्रवेश अभी तक महज 57,900 छात्रों का हुआ है।
विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए वेब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 21 दिन पहले (20 अक्तूबर) को ही समाप्त हो गई थी। अभी तक छात्रों का प्रवेश न होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। संबंधित संस्थानों और कॉलेजों में प्रवेश के लिए 88,500 छात्रों की रिपोर्टिंग हुई है। बीए में 38,775 छात्रों की रिपोर्टिंग हुई, प्रवेश महज 26800 का हुआ है। बीएससी में 29,095 छात्रों की रिपोर्टिंग है, प्रवेश 20,600 का हुआ है। बीकॉम में 8890 की रिपोर्टिंग है, 4127 ने प्रवेश लिया है। कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। वहीं, सेंट जोंस कॉलेज, आरबीएस कॉलेज, श्रीमती बीडी जैन, बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं का भी संचालन शुरू कर दिया गया है।
जिन कॉलेजों की फीस बकाया है, अभी तक उनको प्रवेश लेेने की अनुमति विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है। आवासीय इकाई के संस्थानों में कुछ पाठ्यक्रमों के औचित्य निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है, इससे उनमें अभी प्रवेश नहीं लिए जा रहे हैं। मथुरा में कुछ कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया पर रोक थी, इससे भी प्रवेश की रफ्तार धीमी है। - प्रो. प्रदीप श्रीधर, पीआरओ, विश्वविद्यालय
परास्नातक पाठ्यक्रमों में भी वेब रजिस्ट्रेशन के अनुपात में प्रवेश एक चौथाई से भी कम है। वेब रजिस्ट्रेशन 38600 के करीब है। अभी तक 9690 छात्रों की संबंधित कॉलेज व संस्थानों में रिपोर्टिंग है, प्रवेश 3690 छात्रों का है।