टूंडला। सभी कार्यों में आधार कार्ड की अनिवार्यता के बावजूद सरकार इसमें त्रुटियों के संशोधन के लिए ठोस व्यवस्था नहीं कर पाई है। टूंडला डाकघर पर पिछले 15 दिनों से प्रिंटर खराब होने के कारण लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। लोग काफी परेशान हैं।
रेलवे स्टेशन परिसर स्थित डाकघर का प्रिंटर 15 दिनों से खराब पड़ा है। जिसके चलते न तो नए कार्ड बन रहे हैं और न ही पुराने कार्डों में संशोधन हो पा रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग डाकघर पहुंचते हैं, परंतु वहां चस्पा किए नोटिस को देखका लौट जाते हैं।
रचनापुरम निवासी शबाना ने बताया कि उनके आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत दर्ज है, उसे ठीक कराने के लिए काफी परेशान हूं। अब प्रिंटर के खराब होने के कारण कोई काम नहीं हो पा रहा। न्यू शिवनगर निवासी सनी श्रीवास्तव ने बताया कि उनके आधार में पता सही कराना है, परंतु डाकघर जाने पर पता चला कि अभी कोई काम ही नहीं हो रहा है। निराश होकर लौटना पड़ा।
आधार कार्ड बनाने में प्रयुक्त प्रिंटर के खराब होने की जानकारी आगरा कार्यालय को दे दी गई है। बिना प्रिंटर के कार्य संभव नहीं है, प्रिंटर सही होते ही पुन: कार्य शुरू हो जाएगा।
संजय कुमार मिश्र, पोस्टमास्टर, डाकघर टूंडला।