टूंडला (फिरोजाबाद)। टूंडला से अलीगढ़ जा रही ब्रह्मपुत्र मेल में बृहस्पतिवार रात को एक महिला बच्चे को जन्म दिया। गर्भवती महिला अपने पति के साथ पश्चिम बंगाल से दिल्ली जा रही थी। ट्रेन के अलीगढ़ पहुंचने पर चिकित्सक ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया।
बृहस्पतिवार की रात करीब डेढ़ बजे ब्रह्मपुत्र मेल एक्सप्रेस टूंडला पहुंची थी। इसके रिजर्व कोच एस-2 में पश्चिम बंगाल के जनपद कुंज विहार थाना दीनाता, गांव सिंघमणि निवासी अल्ताफ मियां पत्नी सरजीना खातून के साथ यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के टूंडला से कुछ दूर पहुंचने के बाद सरजीना को प्रसव पीड़ा होने लगी और उसकी तबियत बिगड़ती चली गई। अल्ताफ ने ट्रेन में तैनात टीटीई को जानकारी दी। टीटीई ने तत्काल सूचना मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को दी।
इस बीच महिला यात्री प्रसव पीड़ा से कराहती रही। आवाज सुनकर कोच में सवार अन्य महिला यात्री मदद के लिए आ गईं। उन्होंने चलती ट्रेन में सरजीना का प्रसव कराया। सरजीना ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। ट्रेन करीब सवा दो बजे अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां मौजूद रेलवे पुलिस ने रेल अधिकारियों को सूचना दी। इस पर रेलवे चिकित्सक मंसूर अहमद ने महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जिला चिकित्सालय अलीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है।