मैनपुरी। विकास खंड बरनाहल की ग्राम पंचायत गोटपुर में हुए आवास फर्जीवाड़े में तत्कालीन बीडीओ और वर्तमान पंचायत सचिव पर भी कार्रवाई होगी। परियोजना निदेशक ने इसके लिए आदेश दिए हैं। साथ ही अपात्रों से आवास की धनराशि की रिकवरी भी की जाएगी।
परियोजना निदेशक केके सिंह बुधवार को ग्राम पंचायत गोटपुर में बीते वर्ष आवंटित आठ आवासों की तीसरी किस्त जारी न होने पर सत्यापन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पता चला कि चार अपात्रों को आवास की दो किस्त देने के साथ ही चार पात्रों को तीसरी किस्त नहीं दी गई। एक ओर जहां चार अपात्रों को आवास देने के लिए तत्कालीन पंचायत सचिव सुभाष चंद्र और तत्कालीन बीडीओ दोषी हैं। वहीं दूसरी ओर चार पात्रों को आवास की तीसरी किस्त न देने के लिए वर्तमान सचिव रवि यादव दोषी हैं।
इसके लिए परियोजना निदेशक ने सचिव रवि यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और तत्कालीन सचिव के निलंबन के आदेश दिए हैं। वहीं तत्कालीन खंड विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के आदेश दिए हैं। परियोजना निदेशक केके सिंह ने चार अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के लिए दी गई धनराशि की रिकवरी कराने के भी आदेश दिए हैं। जल्द ही रिकवरी का आदेश जारी कर दिया जाएगा।