फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुणदोष के आधार पर हो कार्रवाई, प्रतिशोध के आधार पर नहीं: सुमन

Thu, 18 Jun 2026 02:13 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
फतेहाबाद फोटो।पुलिस कार्रवाई के विरोध में पिन्नापुरा पहुंचे सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन
विज्ञापन
फतेहाबाद। फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर बीते सोमवार को थार कार की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव के मामले में सियासत गरमा गई है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन गांव पिन्नापुरा पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

बीते सोमवार को थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पिन्नापुरा निवासी देवलाल के पुत्र जसरत के घर मध्य प्रदेश के रायपुर से लगुन-टीका आ रहा था। इस मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे रिश्तेदार 22 वर्षीय मनीष निवासी बहादुरपुर खासपुर, थाना न्यू आगरा की फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर एक अनियंत्रित थार कार की टक्कर से मौत हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था। शव हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने कुल 285 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और दूल्हे जसरत समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इसी एकतरफा कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। बुधवार शाम गांव पहुंचे राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के समक्ष ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है और निर्दोषों को निशाना बनाया जा रहा है। ग्रामीण संतोष ने बताया कि उनके पुत्र की बरात 19 जून को जानी थी। घटना के समय वह उनके साथ बाजार में था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे रात में घर से उठाकर जेल भेज दिया। वहीं, गृहस्वामी देवलाल ने बताया कि उनके पुत्र जसरत का सोमवार को मध्य प्रदेश से लगुन-टीका लेकर आए रिश्तेदार घटना के समय मौके पर मौजूद ही नहीं थे, वे लोग रात में आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों ने कहा कि कई ऐसे लोगों को जेल भेजा गया है, जिनका इस पथराव से कोई लेना-देना नहीं था। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद सांसद रामजीलाल सुमन ने एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद से फोन पर वार्ता कर कहा कि पुलिस प्रशासन गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करे और किसी भी निर्दोष व्यक्ति का उत्पीड़न न होने पाए। इस दौरान उनके साथ महेश सिसोदिया, प्रहलाद गुर्जर, राम सेवक अघवारिया, शैलेश यादव, आशुतोष वर्मा, प्रमोद वर्मा, गुड्डू दयाल वर्मा, सुनील नीलम, बच्चू सिंह निषाद, विजय वर्मा, संतोष पाल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें