वृंदावन (मथुरा)। मथुरा से वृंदावन की ओर आती कार ने अहिल्यागंज के निकट बुधवार की सुबह सड़क किनारे जा रही किशोरी को टक्कर मार दी, मौके पर ही उसकी मौत हो गई। किशोरी दरेसी रोड से रिश्तेदार के घर वृंदावन जा रही थी। हादसे के बाद पुलिस ने कार को कब्जे मेें ले लिया है।
सुबह करीब 11 बजे मूलरूप से कराहरी हाल दरेसी रोड सुरीर निवासी मुस्कान (15) पुत्री भूरी रिश्तेदार के पास पैदल वृंदावन के कांशीराम आवास में जा रही थी। अहिल्यागंज के निकट मथुरा से वृंदावन की ओर जाती कार ने किशोरी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार में सवार व्यक्ति भाग गया। वृंदावन पुलिस तथा परिजन मौके पर पहुंच गए।
किशोरी के रिश्तेदार नईम ने बताया कि मुस्कान फिलहाल उनके पास ही रह रही थी तथा वृंदावन में रिश्तेदार के घर जा रही थी। वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखी जा रही है।