मैनपुरी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और संगिनी को टीकाकरण कार्य में दक्षता प्रदान करने के लिए शासन के निर्देश पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ग्राम्य विकास संस्थान के सौजन्य से चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन मंगलवार को जागीर विकास खंड की आशा और संगिनी को जानकारियां प्रदान की गईं।
जागीर विकास खंड की आशा और संगिनी के दो बैच तैयार किए गए हैं। एक बैच में 32 और दूसरे में 35 आशा और संगिनी शामिल हैं। इनके तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ सोमवार को किया गया था। मंगलवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रशिक्षक डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह ने आशाओं को टीकाकरण किस प्रकार से करें की जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित टीकाकरण के लिए जरूरी बातों की जानकारी दी।
प्रशिक्षक सर्वेश पांडेय ने कहा कि टीकाकरण के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि जिस बच्चे या गर्भवती के टीका लगाया जा रहा है। वह पहले से बीमार तो नहीं है। प्रशिक्षिका रश्मी यादव ने टीकाकरण से पहले की सावधानियों के बारे में जानकारी प्रदान की। रवींद्र सिंह गौर ने वैक्सीन को सुरक्षित रखने पर प्रकाश डाला। संवाद