कासगंज सोरोंजी तारों का ट्रक पलटने से मौत का शिकार अंसार कुरैशी का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
सोरोंजी(कासगंज)। कासगंज-बरेली मार्ग पर एसटीडीएम इंटर कॉलेज के निकट बरेली की ओर से आ रहा तारों से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे सड़क किनारे अलाव ताप रहे नारंगी विक्रेता की तारों के पैकेट से दबकर मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गहन चिकित्सा के लिए सोरोंजी से कासगंज रेफर किया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
घटना देर रात लगभग 2 बजे की है। घना कोहरा था। बरेली की ओर से तेज रफ्तार ट्रक सोरोंजी से गुजर रहा था। तभी एसटीडीएम इंटर कॉलेज के समीप यह ट्रक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में लदे तारों के पैकेट उछलकर दूर जा गिरे। एक पैकेट सड़क किनारे अलाव ताप रहे नारंगी विक्रेता सोरोंजी के मोहल्ला योगमार्ग निवासी मोहम्मद अंसार कुरैशी (55) के ऊपर जा गिरा।
जिससे दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सर्वेश, पिंटू निवासी पीडोरा आगरा जो अलाव ताप रहे थे गंभीर रूप से घायल हो गए। ये दोनों ही श्रद्धालु गंगास्नान के लिए सोरोंजी आए थे और ठंड से बचाव के लिए अलाव के सहारे बैठ गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरोंजी भेजा गया। जहां से उन्हें गंभीर हालत में कासगंज रेफर कर दिया। परिजनों ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।