सेंट जोन्स पर टूटी पानी की लाइन की मरम्मत करते कर्मचारी
आगरा। सेंट जोंस चौराहे से लोहामंडी रोड पर पानी की 30 इंच की पाइपलाइन टूटे सात दिन बीत गए लेकिन मरम्मत शुरू नहीं हो सकी। सीएम ग्रिड के काम के दौरान बुलडोजर ने ये लाइन तोड़ दी थी। इससे लोहामंडी, सेंट जोंस, बाग मुजफ्फर खां, एमजी रोड, मोती कटरा, कोतवाली, गांधी नगर, नेहरू नगर, वजीरपुरा, घटिया आजम खां, विजय नगर, जज कम्पाउंड, खटीकपाड़ा, नाला बुढ़ान सैयद समेत कई क्षेत्रों की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। पाइपलाइन में गंदा पानी भरने के कारण लोग नलों को खोल रहे हैं तो गंदा बदबूदार पानी पहुंच रहा है।
सेंट जोंस कॉलेज के पास लोहामंडी रोड पर सीएम ग्रिड के काम के दौरान बीते सप्ताह पानी की लाइन टूट गई। जलकल विभाग ने मरम्मत के लिए एक दिन का शटडाउन दिया, लेकिन सात दिन से मरम्मत नहीं की गई। जलकल महाप्रबंधक अरुणेंद्र राजपूत ने कंपनी को एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी लेकिन बृहस्पतिवार शाम को भी मरम्मत नहीं की गई। कंपनी के कर्मचारियों ने पाइपलाइन की मरम्मत के लिए प्रयास करने का दावा किया लेकिन गड्ढे में भरे पानी को ही शाम तक निकाला जा सका। जलकल महाप्रबंधक ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों से कहा गया है कि सीएम ग्रिड के काम के दौरान तोड़ी गई लाइन की तत्काल मरम्मत कराएं। लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।
मोतीकटरा में पहुंचा गंदा पानी
मोती कटरा के पटेल नगर निवासी मणि आनंद ने बताया कि कई दिनों से घर में सीवर का काला बदबूदार पानी पहुंच रहा है। कटरा मदारी खां, एसएन मेडिकल कॉलेज, पटेल नगर के हर घर में गंदा पानी मिल रहा है। इसमें कीड़ों के साथ झाग भी है। जलकल विभाग में शिकायत की लेकिन फर्जी आख्या लगाकर बताया कि शिकायत दूर कर दी गई है और पानी साफ आने लगा है। हकीकत में बृहस्पतिवार को भी गंदा पानी पहुंचा। मणि आनंद ने दोबारा जलकल विभाग को शिकायत दी है। यहां सिंधी बाजार स्थित टंकी से सप्लाई की जाती है।