फरह (मथुरा)। आगरा-दिल्ली हाईवे पर बोलेरो सवार बदमाशों ने चचेरे भाइयों को बंधक बनाकर ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली। इतना ही नहीं तूरी से भरी ट्राली को लूटकर भागे बदमाश दोनोें को मारपीट कर कोसीकलां के पास जंगलों में फेंक गए। गुरुवार की सुबह दौड़ लगा रहे युवाओं ने चचेरे भाइयों को बंधन मुक्त कराया। दोनों भाई कोसीकलां थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी। फरह पुलिस हाईवे लुटेरों की तलाश कर रही है।
थाना फरह के गांव पींगरी निवासी धर्मवीर सिंह पुत्र बुद्धी चचेरे भाई पोहप सिंह पुत्र बहादुर सिंह को लेकर ट्रैक्टर-ट्राली में तूरी भरकर सुरीर में बेचने के लिए निकला। बुधवार की देररात ट्रैक्टर-ट्राली सवार चचेरे भाई हाईवे पुल के पास पहुंचे ही थे कि बोलेरो सवारों ने टायर पंचर होना बताया। ट्रैक्टर रोककर धर्मवीर देखने के लिए उतरा। काफी देर तक नहीं लौटा तो पोहप सिंह ने जाकर देखा। दोनों चचेरे भाइयों को बांधकर लुटेरों ने बोलेरो में डाल लिया। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर लुटेरे कोसीकलां की तरफ चल दिए।
कोसीकलां के पास हाईवे किनारे जंगल में बांधकर दोनों भाइयों को फेंक गए। उससे पहले धर्मवीर की लुटेरों ने जमकर पिटाई की और उससे 10 हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिया। बंधन मुक्त होने के बाद चचेरे भाई थाना कोसीकलां पहुंचे। जहां से फरह पुलिस दोनों को थाने ले आई और धर्मवीर की डाक्टरी कराई। प्रभारी निरीक्षक मुनीश चंद ने बताया कि धर्मवीर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा।