फिरोजाबाद। जिला अस्पताल में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ और तीमारदार के मध्य बुधवार को दोपहर विवाद हो गया। विवाद की जानकारी होते ही एकत्रित स्टाफ ने तीमारदार को ऑपरेशन थियेटर कक्ष में बंद कर लिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने ले गई। चिकित्सक ने तीमारदार के खिलाफ गाली गलौज, हाथापाई करने, धक्का मारने एवं जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं तीमारदार ने चिकित्सक पर कक्ष में बंद करके पीटने का आरोप लगाया है।
घटनाक्रम बुधवार को दोपहर का है। जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर कक्ष में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. शशि कुमार एवं थाना रसूलपुर के हाजीपुरा निवासी तीमारदार सलीम के मध्य विवाद हो गया। ओटी कक्ष में तीमारदार को बंद कर लिया। मारपीट एवं हंगामे की जानकारी होते ही अस्पताल में तैनात स्टाफ एकत्रित हो गया। तीमारदार के साथ अन्य कोई अनहोनी घटना होती इससे पूर्व ही एचसीपी चरन सिंह सिपाही को साथ लेकर पहुंचे और तीमारदार को सीधे थाने भिजवा दिया।
घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष उत्तर लोकेश भाटी एवं चौकी प्रभारी पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सक एवं स्टाफ को सुरक्षा का भरोसा दिया। चिकित्सक डा.शशि कुमार का आरोप है कि सलीम ने उनसे पिछली शिकायतों की जांच के संबंध में पूछा और कुछ समझने की बात कही। गाली गलौज, हाथापाई करने के साथ धक्का मार दिया। इससे वह गिरे और कूल्हे में चोट आई है। सलीम पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
जबकि सलीम तारकश पुत्र मेहराज उद्दीन ने कहा कि वह अपने बहनोई कश्मीरी गेट निवासी वलीउद्दीन पुत्र खलील अहमद का उपचार कराने डा.वरुण शर्मा के पास जिला अस्पताल नगर विधायक मनीष असीजा का पत्र लेकर गया था। चिकित्सक कक्ष में नहीं मिलने का कारण वह ऑपरेशन थियेटर की ओर पहुंच गया।
पहले शिकायत किए जाने के कारण डा.शशि कुमार ने खिसिया कर मुझे कमरे में बंद करके मारपीट की। वह तो विधायक का पत्र लेकर डा. वरुण शर्मा के पास जा रहा था। डाक्टर शशि कुमार ने धमकी दी बहुत शिकायत करता है और पीटना शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष उत्तर ने कहा कि जिला अस्पताल हुई मारपीट के मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।