मांट (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वारदातों को रोकने के लिए डार्क मून अभियान के तहत पुलिस अब सादा वर्दी में गश्त करेगी। इसके लिए अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश संबंधित थाना प्रभारियों के लिए जारी कर दिए गए हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अजय आनंद कुमार ने थाना मांट, नौहझील, राया सहित एक्सप्रेसवे के अंतर्गत सभी थानों के लिए आदेश भेजा है।
इसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग कोसी, छाता, फरह क्षेत्र में भी डार्क मून अभियान के तहत अब रात में पुलिस सादा वर्दी में गश्त करेगी। ये अभियान 11 जून से 24 जून तक चलाया जाएगा। गश्त के दौरान आधुनिक असलाह भी पुलिस अपने साथ रखेगी। अभियान में दो-दो टीम गठित कर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ मांट संजय कुमार सागर ने बताया की डार्कमून अभियान के तहत एसएसआई के नेतृत्व में टीमें गठित कर दी गई हैं। रात 11 बजे से तड़के चार बजे तक इसके तहत गश्त की जाएगी।