मैनपुरी-भोगांव। मजदूरी के एक हजार रुपये मांगने पर आरोपी ने फावड़े से प्रहार कर युवक को घायल कर दिया। घटना के बाद दो समुदायों के बीच तनाव का माहौल पैदा हो गया। बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बांकीपुर निवासी अंकित शाक्य पुत्र सूबेदार शाक्य बिजली विभाग एटा में ठेकेदारी का कार्य करता है।
जहां गांव के ही नसीर खां पुत्र जाफर खां ने मजदूरी की थी। उसके मजदूरी के एक हजार रुपये बाकी रह गए थे। गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे नसीम ने अंकित से मजदूरी के एक हजार रुपये मांगे। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि अंकित ने फावड़े से प्रहार कर नसीम को घायल कर दिया। वारदात के बाद दो समुदाय के लोग आमने सामने आ गए।
जानकारी होने पर भोगांव, बेवर, बिछवां थाने का फोर्स मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ भोगांव प्रयांक जैन ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।