फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ के कुतुकपुर चनौरा में जाटव एवं कुशवाह समाज में हुए विवाद में कुशवाह समाज के लोगों ने आसफाबाद चौराहे के पास भाजपा नेता डा. एसपी लहरी के आवास पर एकत्रित होकर बंबा बाईपास पर प्रदर्शन किया।
महिलाओं का आरोप था घरों पर पुलिस ने तोड़ फोड़ की। एकपक्षीय कार्रवाई की जा रही है। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह लोधी एवं महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता भी पहुंच गए।
उन्होंने एसएचओ रामगढ़ से बातचीत करके ही उचित कार्रवाई की बात कही। पुलिस ने रामवीर की तहरीर पर 19 नामजद सहित कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि थाना रामगढ़ के कुतुकपुर चनौरा में दो दिन पूर्व ही चूड़ी की ठेल-साइकिल के टकराने से विवाद हो गया। विवाद के बाद मंगलवार को जाटव एवं कुशवाह समाज के बीच पथराव हो गया था।
सूचना पर एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने कार्रवाई की थी। पुलिस ने तहरीर पर प्रधान एवं उसके भाई सहित 39 पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। बुधवार शाम को महिलाएं, पुरुष एकत्रित होकर भाजपा नेता डा. एसपी लहरी के आसफाबाद स्थित आवास पर पहुंच गए। बंबा बाईपास पर प्रदर्शन किया।
उनका कहना था कि पुलिस ने हमारी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की। दूसरे पक्ष से मामला दर्ज कर लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह लोधी, महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, डा.एसपी लहरी व राधेश्याम कुशवाह एनसीसी, त्रिलोक चंद्र कुशवाह ने विपक्षियों पर अभियोग दर्ज कराने व गिरफ्तारी की मांग की।
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि विपक्षियों की गिरफ्तारी के लिए कहा गया है। अफसरों ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। इधर सपा नेता ऊषा कुशवाह ने पुलिस द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने का विरोध किया है।
चनौरा में मारपीट के मामले में रामगढ़ पुलिस ने ग्राम प्रधान उमेशचंद्र कुशवाह एवं उसके भाई उमाशंकर व पुष्पेंद्र पुत्रगण लक्ष्मन सिंह कुशवाह, अनिल पुत्र बहादुर सिंह, मदन, सुरेश पुत्रगण हुब्बलाल, रामवन पुत्र कुंवरपाल, महेश पुत्र देवकिशोर, मनीष पुत्र मनपाल सिंह एवं रमेश को थाना पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
पुलिस के रवैये को लेकर गुस्साए कुशवाह समाज की महिला व पुरुष आसफाबाद चौराहे के पास रोड जाम किए जाने की तैयारी में थे। लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता, भाजपा नेता डा. एसपी लहरी ने ऐसा नहीं करने के लिए भीड़ को समझाया। कहा कि पुलिस कार्रवाई करेगी। इसके बाद ही महिलाएं मानीं।
एसओ रामगढ़ कुलदीप सिंह ने कहा रामवीर की पत्नी शीलादेवी की तहरीर पर दूसरे पक्ष के 19 लोगों के खिलाफ नामजद एवं कुछ अन्य के खिलाफ मारपीट किए जाने, पथराव एवं फायरिंग किए जाने का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तारकरके कार्रवाई की जाएगी।