टूंडला (फिरोजाबाद)। जल्द ही आगरा में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनकर तैयार होगा। खेरिया हवाई अड्डे का नाम भी बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय हवाई अड्डा किया जाएगा। यह बात शुक्रवार दोपहर ब्रज क्षेत्र के संयोजक उदय प्रताप सिंह के आवास पर एससी/एसटी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने कही।
उन्होंने कहा कि जीएसटी को लेकर विपक्ष हंगामा कर रहा है, जीएसटी से आम आदमी को लाभ ही होगा। यह जनता के हित में लागू किया गया है। बढ़ते अपराध पर उन्होंने कहा कि सरकार को बदनाम करने का कुचक्र रचा जा रहा है।
सपा के मुकाबले योगी सरकार में अपराध कम हुआ है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही दो बडे़ निर्णय लिए गए। इसमें सबसे बड़ा निर्णय प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करना है। आलू किसानों की समस्या को लेकर अध्यक्ष ने कहा कि इस बार आलू की बंपर पैदावार हुई है। इस वजह से आलू खरीद शुरू नहीं हो सकी।
इससे पूर्व भाजपाइयों ने स्वागत किया। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सतेंद्र गुप्ता, जयजीव पाराशर, दीपक चौधरी, दीपक राजौरिया, अवधेश पालीवाल, रश्मि सिंह, द्विजेंद्र विक्रम परमार, संजय परमार, जितेंद्र शर्मा, सोम शर्मा आदि मौजूद रहे।