कासगंज। विधानसभा चुनाव आचार संहिता के चलते बाधित हुए मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगभग तीन माह के बाद रविवार से शुरू हो गए। मेला में 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 787 मरीजों का इलाज किया गया।
मेला का आयोजन दो ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। इस समय मौसमी बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। वायरल फीवर, डायरिया, खुजली आदि बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे है। मेला शुरू हो जाने से ऐसे लोगों का अब काफी राहत मिल जाएगी। गामीण क्षेत्र अब रविवार को अपने गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही अपना इलाज करा सकेंगे। मेला में 787 मरीज अपना इलाज कराने के लिए पहुंचे। जिसमें 366 पुरुष, 311 महिलाएं एवं 110 बच्चे शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण करने के बाद आवश्यक दवा उपलब्ध कराई। मेला के लिए विभाग ने 49 चिकितसक एवं 201 पैरामेडिकल स्टॉफ की व्यवस्था की। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनिल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला फिर से शुरू हो गए है। अब प्रत्येक रविवार को निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों पर इनका आयोजन किया जाएगा।