गोल्ड लोन घोटाला: कई और खातों का सोना निकला नकली
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। सिढ़पुरा की केनरा बैंक शाखा के गोल्ड लोन खातों की जांच में नकली सोने के जेवरात निकल रहे हैं। मामलों की बढ़ती संख्या को लेकर बैंक प्रशासन सकते में है। अपने खातों की जांच कराने के लिए लगातार खाताधारकों का हुजूम बैंक पर लग रहा है। हर कोई अपने आप को वैल्युअर राहुल देव की धोखाधड़ी का शिकार बता रहा है। वैल्युअर के भाई, भाभी और अन्य परिजनों ने भी राहुल देव पर उनके साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोल्ड लोन घोटाले में खाताधारक घोटाले के बाद से लगातार अपने खातों का परीक्षण करा रहे हैं। मंगलवार को बैंक में पीड़ितों की काफी भीड़ रही। गोवर्धन नगला निवासी संदीप पुत्र अमर सिंह, सुनील कुमार पुत्र भारत सिंह, अनुज पुत्र विजेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार पुत्र अमर सिंह के खातों में ऑडिट के दौरान नकली आभूषण मिले। वहीं भाऊपुर के कुलदीप पुत्र राजमहेश के जेवर भी नकली पाए गए। अन्य खातों की जांच भी की जा रही है। इधर, मंगलवार को धोखाधड़ी के आरोपी राहुल देव के भाई अमित कुमार ने सिढ़पुरा पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनके भाई राहुल देव ने बैंक के पुराने मैनेजर मनोज कुमार और अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके बैंक खातों पर उनके और उनकी पत्नी संगीता वर्मा और परिवार के अन्य भाई सुमित और रोहित के खातों पर गोल्ड लोन करा लिया। इसके बाद कारोबार की जरूरत बताकर खातों के चेक ले लिए और गोल्ड लोन का पैसा स्वयं ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सिढ़पुरा पुलिस ने भी मामले में सोमवार रात राहुल देव के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में माला दर्ज कर लिया है।
सिढ़पुरा पुलिस कर रही राहुल की तलाश
कासगंज। सिढ़पुरा पुलिस द्वारा वैल्युअर राहुल देव पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। हालांकि अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। कोतवाली में भी पीड़ित राहुल के खिलाफ तहरीर देने पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की एफआईआर दर्ज हो चुकी है। वहीं खाताधारकों की शिकायतों को भी मामले की विवेचना में शामिल किया जा रहा है। आरोपी के भाई की तहरीर की पुलिस जांच कर रही है। बताया गया कि राहुल पिछले एक सप्ताह से लापता है। घोटाला खुलते ही वह फरार हो गया था। कस्बे के लोग और परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे हैं। पीड़ितों का दबाव बैंक प्रबंधन और पुलिस पर बढ़ रहा है, लेकिन जांच का हवाला देकर पुलिस और बैंक प्रबंधन लोगों को शांत करा रहे हैं।