मैनपुरी। ऋणमोचन योजना के तहत जिले से आठ हजार किसानों ने आनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। इसमें किसानों ने पात्र होने के बाद भी ऋण माफी का लाभ नहीं मिलने की बात कही है। शासन से निर्देश मिलने के बाद विभाग ने सभी किसानों की जांच शुरू कर दिया है।
योगी सरकार ने किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाने के लिए किसान ऋण मोचन योजना चलाई थी। किसानों का कहना था कि उन्हें पात्र होने के बाद भी ऋणमोचन योजना का लाभ नहीं मिला है। किसानों की शिकायतों को देखते हुए शासन ने आनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए पोर्टल खोला था। इसपर जिले में आठ हजार किसानों ने शिकायत दर्ज कराईं।
शासन से निर्देश मिलने के बाद अब इन किसानों की जांच शुरू हो गई है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने वाले सभी किसानों की बैंक और तहसील स्तर पर जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर किसानों के घर जाकर भी हकीकत को परखा जाएगा। इससे निष्पक्ष जांच की जा सके। जांच में पात्र पाए जाने वाले किसानों का ऋण माफ किया जाएगा।