मैनपुरी। धरा को हरियाली से सजाने के लिए जिले में पौधरोपण कराया था। इसके बाद इसकी जियो टैगिंग भी करानी थी, लेकिन जिम्मेदारों ने इसकी कोई परवाह नहीं की। इस लापरवाही पर जिले के ग्राम पंचायत सचिवों को डीपीआरओ ने नोटिस जारी किया है।
स्वतंत्रता दिवस पर जिले में अभियान चलाकर 11 लाख पौधे रोपे गए थे। पौधे रोपने के लिए वन विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसमें पंचायत राज विभाग को सभी ग्राम पंचायतों में पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पौधरोपण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए इनकी जियो टैगिंग करानी थी।
हर हाल में ये कार्य अगस्त में ही पूरा किया जाना था, लेकिन चार माह बीतने के बाद भी अब तक जिम्मेदारों ने पौधरोपण के बार इसकी जियो टैगिंग नहीं की है। इस पर नाराजगी जताते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को डीएम ने चेतावनी दी थी। इसके बाद सोमवार को डीपीआरओ ने जिले के 134 सचिवों को नोटिस जारी कर दिया है।
नोटिस में उन्हें तीन दिन के अंदर किए पौधरोपण की जियो टैगिंग कराने के लिए कहा गया है। अगर तीन दिन में काम पूरा नहीं हुआ तो सचिवों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार शासन ने पौधरोपण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जियो टैगिंग की व्यवस्था की थी। ऐसे में जियो टैगिंग न होना यह दर्शाता है कि कहीं न कहीं पौधरोपण में गड़बड़ी की गई। इसीलिए जिम्मेदार पौधरोपण की जियो टैगिंग करने से कतरा रहे हैं।