फिरोजाबाद। बसई मोहम्मदपुर के गांव पहाड़पुर में पिछले तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। लोग पानी के लिए भी परेशान हैं। आंधी से टूटे खंभे, तार अब तक दुरुस्त नहीं होने से ग्रामीणों में बिजली विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के प्रति आक्रोश है।
आंधी के चलते पहाड़पुर गांव में तीन खंभे टूट गए थे। इससे पूरे गांव की बत्ती गुल है। ग्रामीणों की माने तो बिजली न आने के कारण पहाड़पुर और उसके आसपास के गांव में पानी का भी संकट खड़ा हो गया है। लोग घर से दूर लगे हैंडपंपों से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा समस्या पशुओं को पानी पिलाने की है।
लोगों का कहना है कि खंभे, तार बदले बदले जाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ अवर अभियंता से भी कहा गया। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने चेताया है कि जल्द खंभे-तार बदलकर आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों की होगी।