शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्त विहीन गुट) का तीन दिवसीय प्रांतीय चिंतन शिविर मैनपुरी रोड स्थित संत जनू बाबा डिग्री कॉलेज में शुक्रवार से शुरू हुआ। इसमें शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और वित्त विहीन शिक्षक और विद्यालयों के उत्थान पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रहे डीआईओएस रविंद्र सिंह एवं संघ के प्रदेश अध्यक्ष लाल बिहारी यादव ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने वित्त विहीन शिक्षकों और कॉलेज के प्रबंधकों की समस्याओं को इंगित किया। कहा कि वित्त विहीन शिक्षक छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दिन रात मेहनत करतें हैं।
विद्यालय संचालक से मौजूद संसाधनों से छात्रों को अच्छी शिक्षा देने एवं सामाजिक, व्यवहारिक और देश सेवा का जज्बा पैदा करने का आह्वान किया। सभागार में मौजूद प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रधानाचार्य, शिक्षक और प्रबंधकों से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया। चिंतन शिविर में हम बच्चों को क्या दे रहें हैं? विषय पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम संयोजक संघ के प्रदेश महासचिव डॉ. रामकैलाश यादव ने आभार जताया। उन्होंने बताया कि यह शिविर तीन दिन तक चलेगा। इसमें संगठन को मजबूती देने, शिक्षकों को मानदेय दिलाने पर चर्चा होगी। मौके पर अशोक अनुरागी, सुरेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।