टैंटीगांव (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात को करीब दो बजे सुरीर कोतवाली क्षेत्र में (माइल स्टोन -83) एक बेकाबू बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में करीब 20 लोगों को चोट आई है। जिन्हें मामूली चोट थी वह तो बिना इलाज कराए ही चले गए। 10 को अस्पताल ले जाकर इलाज दिलाया गया। हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
बस सवार यह लोग दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले थे। सभी बालाजी दर्शन को निकले थे। रात को करीब दो बजे जब टूरिस्ट बस यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर कोतवाली क्षेत्र में माइल स्टोन 83 के पास पहुंची तो अचानक बस बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई।
इस हादसे में चालक-परिचालक समेत करीब 20 लोगों को चोट आई। हादसे के वक्त अधिकांश लोग नींद में थे। सूचना पाकर टोल कर्मी मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी घायलों को बाहर निकाला। बस पलट जाने से यातायात भी प्रभावित हो रहा था लिहाजा क्रेन मंगवाकर बस को हटवाया गया।
घायलों में जगदीशपुरा बिहार निवासी हरि सिंह और हरि सिंह की पत्नी चंदावती, बेटी शोभा घायल हो गए। इनके साथ जमुना प्रसाद शर्मा पुत्र अंबर शर्मा, उनकी पत्नी पद्मावती निवासी बिहार दरभंगा को भी चोट आई है। बस के चालक सोनू और परिचालक सूरज निवासी बड़ौत बागपत भी घायल हुए हैं। करीब बीस लोगों को चोट आई थी जो बिना इलाज कराए ही चले गए। अधिकांश लोग बिहार के थे जो अब दिल्ली में अलग अलग स्थानों पर रह रहे हैं।
अधिकांश हादसे रात को 12 से 3 के बीच हो रहे
टैंटीगांव (मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर अधिकांश हादसे रात को 12 बजे से तीन बजे के बीच हो रहे हैं। अगर पिछले तीन महीनों का आंकड़ा जुटाया जाए तो पता चलेगा कि 18 एक्सीडेंट देर रात को ही हुए हैं। सभी हादसों की वजह भी चालक को झपकी आना ही रहा। क्योंकि यह वक्त ऐसा होता है कि नींद के कारण झपकी आने लगती है।