मथुरा। थाना हाईवे के बसंत विहार कालोनी निवासी हाकिम सिंह पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड में वरिष्ठ लिपिक हैं। शनिवार की दोपहर वह कार्यालय में थे। वरिष्ठ लिपिक की दो बेटियां कल्पना और प्रत्या घर पर थीं, तो पत्नी और छोटी बेटी पड़ोस में गई हुई थी। इसी बीच कमरे में घुसे चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर तीन लाख रुपये के जेवरात और 20 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इसका आभास घर के दूसरे कमरे में बैठी दोनों बेटियों को नहीं था।
पिता ने घर फोन करके मम्मी से बात करने को कहा। बेटी ने कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ पड़ा था। इसी बीच पिता भी कार्यालय से घर पहुंच गए। सूचना पर हाईवे पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई और फॉरेंसिक टीम ने भी फिंगर प्रिंट लिए।
दिनदहाड़े हुई चोरी से आसपास के लोगों में भय व्याप्त है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।