गोवर्धन (मथुरा)। गोवर्धन के नीमगांव में खड़ंजे के विवाद को लेकर एक ही परिवार में संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर फेंके गए। लाठी-डंडे और धारदार हथियारों ने एक-दूसरे पर वार किए गए। एक घंटे तक चले संघर्ष में दोनों पक्ष की पांच महिलाओं समेत 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया है और पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना गोवर्धन के नीमगांव निवासी हरीशचंद्र बघेल और डोरीलाल चचेरे भाई लगते हैं। आमने-सामने घर होने के चलते दोनों परिवारों में खड़ंजे को लेकर विवाद हो गया। रविवार को विवाद संघर्ष में तब्दील हो गया। जमकर ईंट-पत्थर चले और धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर वार किए गए।
एक घंटे तक चले संघर्ष में अफरातफरी मच गई। गोवर्धन पुलिस ने घायल 13 लोगों को सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में भर्ती कराया। यहां से पांच लोगों को जिला अस्पताल के लिए भिजवाया और आठ को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हरिश्चंद पुत्र पूनी, जितेंद्र पुत्र थान सिंह, गुड्डी पत्नी हरिश्चंद, लक्ष्मी पत्नी मुकेश, संता पत्नी थान सिंह घायल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से डोरीलाल पुत्र पैमा, रमेश पुत्र डोरी लाल, तोता पुत्र पैमा, रुमाली पत्नी तोताराम, दिनेश पुत्र डोरीलाल, पुष्पा और बिजेंद्र घायल हुए हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।