आगरा। यातायात पुलिस ने रविवार रात हाईवे के साथ लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे सहित अन्य टोल पर चेकिंग अभियान चलाया। ट्रक और बस समेत अन्य भारी वाहनों को नशे में दौड़ाने वाले 45 चालकों समेत कुल 420 लोगों का चालान किए।
एक बस चालक शराब के नशे में मिला, जिसे हटाकर वैकल्पिक चालक की व्यवस्था की गई। वहीं, एक अन्य बस के परिचालक के नशे में मिलने पर चालान किया गया। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार एवं एसीपी यातायात इमरान अहमद ने थाना पुलिस और सर्विलांस टीमों के साथ सैंया, अछनेरा, एत्मादपुर, फतेहाबाद और खंदौली क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर रविवार रात 8 बजे से 11 बजे के दौरान चेकिंग की। अभियान के दौरान 195 माॅडिफाइड साइलेंसर, 180 प्रेशर हार्न के चालान किए गए। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।