नौकरी लगवाने के नाम पर 17 लोगों से लिए थे 42 लाख रुपये
ठगी करने वाले क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के बाबू पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मेडिकल कॉलेज सैफई में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर 17 युवाओं से ठगी की गई। ठगी को अंजाम देने वाला क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी मैनपुरी का बाबू है। उसने एक वार्डबॉय के जरिए 42 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। वार्डबॉय ने ही अब बाबू के खिलाफ सदर कोतवाली में ठगी का मुकदमा कराया है।
कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती देवपुरा निवासी ओम बहादुर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय उझैया फकीरपुर थाना दन्नाहार में वार्डबॉय के पद पर तैनात हैं। बताया कि उनकी पहचान क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय के बाबू प्रशांत शुक्ला निवासी शेरपुर सराय जनपद फर्रुखाबाद से हो गई थी। मिलने जुलने के दौरान प्रशांत ने उनसे कहा कि आयुर्वेद विभाग में नौकरी लगवा सकते हैं। अगर कुछ लोग नौकरी करना चाहते हैं तो संपर्क कराओ। ओम बहादुर ने पत्नी अंजू सहित करीब 17 रिश्तेदारों से नौकरी के नाम पर 42 लाख रुपये प्रशांत को लाकर दिए। इसके बाद बाबू ने फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिए। इसमें अधिकारियों के हस्ताक्षर के साथ ही मुहर भी लगी थी। बाद में पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी थे। जब रुपये मांगे तो दो साल तक प्रशांत टाल मटोल करता रहा। हाल ही में जब रुपये मांगे तो आरोपी भड़क गया और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ओम बहादुर के साथ ही विनोद कुमार निवासी उझैया फकीरपुर, विकास चंद्र निवासी नखतपुर, प्रमोद कुमार निवासी उझैया फकीरपुर की तहरीर पर पुलिस ने बाबू प्रशांत शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।