फिरोजाबाद के नारखी में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि 39 गोवंश को हांकते हुए पैदल ले जाया जा रहा है। सूचना पर फरिहा और नारखी पुलिस ने रानीपुर के पास गोवंश की घेराबंदी कर ली। पुलिस के पहुंचने पर गोवंश के झुंड के साथ बाइक से चल रहे युवक मौके से भाग गए। जबकि आठ महिलाओं, दो किशोर और दो किशोरियों को पुलिस ने पकड़ लिया। महिलाओं का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह, आकाश सिसोदिया, उदय प्रताप दाऊ, अंकित तिवारी, अवधेश यदुवंशी को सूचना मिली कि कुछ लोग गोवंशों को पैदल हांकते हुए लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठन के नेता सक्रिय हो गए। इन नेताओं ने इसकी सूचना इलाका पुलिस को दी। मामला नारखी एवं फरिहा थाने के सीमा क्षेत्र का होने के कारण पुलिस पहले एक दूसरे थाने का मामला होने को टालती रही।
बजरंग दल के नेताओं की सक्रिय होने के बाद गोवंश को लेकर जा रहे बाइक सवार युवक मौके से भाग गए। इसके बाद थाना फरिहा एवं नारखी पुलिस सक्रिय हुई। रानीपुर गांव के समीप गोवंश की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने इनके कब्जे से 39 गोवंश को बरामद करते हुए आठ महिलाओं को पकड़ लिया। उनके साथ दो किशोर और दो किशोरियां भी साथ थीं। सभी को पकड़कर नारखी थाने ले जाया गया। पकड़ी गई महिलाओं का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पता चला कि वे राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के हैं और घूम-घूमकर जीवन यापन करते हैं। थानाध्यक्ष राकेश गिरी ने बताया कि इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पकड़ी गई महिलाओं का शांतिभंग में चालान किया गया है। इस मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
गढ़ौरा गोशाला में भेजे गए गोवंश
हिंदूवादी नेताओं की सूचना पर पकड़े गए सभी गोवंश को फरिहा के पास गढ़ौरा स्थित गोशाला में भिजवा दिया गया है। थाना प्रभारी राकेश गिरि ने बताया कि भागे युवकों की तलाश की जा रही है। उनको गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।