कासगंज। आईसीआईसीआई बैंक के खाता धारक को गूगल पर बैंक का मोबाइल नंबर सर्च करना महंगा पड़ गया। प्रदर्शित किए गए नंबर पर फोन किया तो रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खाताधारक से एनी डेस्क एप लोड कराकर खाते से 3.32 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित ने तहरीर दी है।
बरेली जनपद के थाना किला निवासी अजय कुमार गुप्ता की नई हवेली नगला बबूल में श्रीजी ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। उनके द्वारा फर्म से संबंधित लेनदेन करने के लिए आईसीआईसीआई बैंक में चालू खाता खोल रखा है। उनको किसी कार्य के लिए बैंक के फोन नंबर की आवश्यकता पड़ी। इसके लिए उन्होंने गूगल का सहरा लिया। सर्च करते समय गूगल पर बैंक के नाम से 9907706140 नंबर आया। इस पर संपर्क करते ही एनी डेस्क एप लोड करने को कहा गया।
इस एप को लोड करने के बाद एटीएम कार्ड की दोनों तरफ की फोटो अपलोड कराई गई। फोटो अपलोड होते ही खाताधारक के मोबाइल को हैक कर लिया गया। इसके बाद खाते से 3.32 लाख रुपये उड़ा लिए गए। रुपये निकलने पर जब मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया तो साफ्टवेयर अपडेट होने का हवाला दिया गया और बताया गया कि बाद में यह रुपये वापस आ जाएंगे, लेकिन रुपये नहीं आए। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना बैंक एवं बैंक के कस्टमर केयर को दी गई है। इसके साथ ही पुलिस को मामले की तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी रमेश भारद्वाज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।