स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते सबीना के दूसरे नवजात की भी मौत हो गई। उसके जुड़वा बच्चों में एक मृत पैदा हुआ था, जिसका शव कुत्ता उठाकर ले गया। सोमवार की इस घटना को छुपाने के लिए बाह सीएचसी से सबीना को आनन फानन में उसके घर भेज दिया गया था। देर रात जांच के लिए सीएमओ के पहुंचने पर जच्चा बच्चा को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजवाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बाह में सबीना के मृत नवजात को कुत्ता नोंच खाने की शिकायत सीएचसी में की गई थी। इससे पहले ही सबीना और उसके दूसरे नवजात को आगरा रेफर किया जा चुका था। लेकिन गंभीर हालत में एंबुलेंस से जच्चा बच्चा को उसके घर छुड़वा दिया गया था।
उधर, जानकारी पर सीएमओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबीना और उसके शिशु को घर से एंबुलेंस से लेकर एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी भेजवाया। इमरजेंसी में शिशु की पल्स नहीं चल रही थी, ऐसे में तत्काल बाल रोग विभाग के बाल सघन चिकित्सा यूनिट (एनआईसीयू) में भर्ती किया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। डाक्टराें ने शिशु को मृत घोषित कर दिया। उधर, सबीना का इलाज लेडी लायल में चल रहा है। एनमिक होने पर सोमवार को सबीना को रक्त चढ़ाया गया। डा. बीना सक्सेना ने बताया कि सबीना की हालत में सुधार हो रहा है।