कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के परिणाम को घोषित हुए 16 दिन का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक परिषद से अंक तालिकाएं नहीं भेजी गई हैं, जिससे 28 हजार छात्र छात्राएं अग्रिम कक्षाओं में प्रवेश को लेकर चिंतित हैं। बोर्ड परीक्षा का परिणाम 18 जून को घोषित किया गया। जिला से हाईस्कूल व इंटर मीडिएट में 28099 छात्र छात्र परीक्षा में उत्तीर्ण हुए।
माध्यमिक स्कूलों के खुल जाने से इनमें प्रवेश प्रकिया शुरू हो चुकी है। हाईस्कूल के काफी संख्या में छात्र छात्राएं ऐसे हैं जिन्होंने उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से हाई स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इन छात्र छात्राओं को कक्षा 11 में दूसरे विद्यालय में प्रवेश लेना है। अंक तालिका के अभाव में छात्र छात्राएं रजिस्ट्रेशन नहीं करा सके। विश्व विद्यालय ने नई तिथि 10 जुलाई कर दी है, लेकिन अभी भी अंक तालिकाएं नहीं आई है, जिससे वेब रजिस्ट्रेशन के लिए छात्र छात्राओं की समस्या बरकरार है। वहीं बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं को बाहरी राज्यों में विभिन्न कोर्सों में प्रवेश लेना है ऐसे छात्रों के सामने भी समस्या है। छात्र रोहित ने बताया कि उनको दिल्ली विश्व विद्यालय में प्रवेश लेना है, लेकिन अंक तालिका के अभाव में प्रवेश में दिक्कत आ रही है।