आगरा। दिवाली पर शहर के प्रमुख बाजारों में सड़कों और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम ने 24 घंटे की मोहलत दी है। दुकान के सामने पंडाल और गेट बनाकर सामान बेच रहे दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि अगर अतिक्रमण नहीं हटाया तो निगम तोड़ देगा। उनके कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे जाम लग रहा है।
विज्ञापन
बुधवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल ने राजपुर चुंगी पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। यहां सड़क और फुटपाथ घेरने वाले दुकानदारों से सामान हटवाया और चेतावनी दी। कहा कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर जुर्माना लगाने के साथ ही सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि त्योहार पर बाजार में खरीदारी करने जा रहे लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। अतिक्रमण के कारण वाहनों के साथ ही पैदल निकलने वालों को मुश्किल हो रही है। ऐसे में सड़कें घेरने पर कार्रवाई की जाएगी।