मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा केद्रों की ऑनलाइन निगरानी के लिए रविवार को अवकाश वाले दिन लखनऊ से ट्रायल किया गया। इसमें परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। 22 परीक्षा केंद्रों पर कैमरे बंद मिले।
शनिवार की देर रात अचानक उप मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर रचित शाहू को लखनऊ पहुंचने के निर्देश दिए। सुबह आठ बजे से ही लखनऊ से परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी का ट्रायल शुरू हो गया।
इस दौरान 22 कॉलजों के कैमरे बंद थे। इस पर लखनऊ से ही परीक्षा केंद्रों के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर निर्देश दिए गए कि सभी कैमरे शीघ्र चालू किए जाएं। लखनऊ से निर्देश होते ही दोपहर तक सभी केंद्रों में कैमरे चालू करा दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर 24 घंटे कैमरों का संचालन बंद रखा जाए। अगर इसमें कोई लापरवाही हुई तसे तो बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग को भी पत्र लिखा है। इस दौरान 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं के दौरान आपूर्ति सुचारू रखने की बात कही गई है।