मैनपुरी। आरसी इंटर कालेज की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर के चौथे दिन गांव औडेंय पड़रिया में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।
सोमवार को प्रथम सत्र में स्वयंसेवी छात्राओं ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान महिला अधिकारों और बेटी सुरक्षा की गांव के लोगों को जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया कि यदि बेटी ही नहीं होगी तो समाज आगे कैसे बढ़ेगा। द्वितीय सत्र में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें प्रवक्ता माधुरी मिश्रा, पूनम राठौर व दीपाली ने स्वयं सेवियो व ग्रामीणों को महिला सुरक्षा के तहत 1090 व 181 पर शिकायत करने की जानकारी दी।
पूनम राठौर ने कहा कि कन्या भू्रण हत्या पाप है। स्वयंसेवी शिवानी, स्वाती गुप्ता, पायल ने गीत के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। इस कार्यक्रम प्रभारी अणिमा जैन, तृप्ति भदौरिया, पूजा भदौरिया आदि रहे।