बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक सुनील कुमार की हत्या और घर पर लूटपाट से शिक्षकों में आक्रोश है। आक्रोशित शिक्षकों ने पटियाली विधायक ममतेश शाक्य के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। शिक्षक नेताओं ने ज्ञापन की मांगों को पूरा किए जाने की मांग की।
शिक्षकों ने डीएम से कहा कि घटना का खुलासा सोमवार तक किए जाने का पटियाली के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिया था। घटना का खुलासा निश्चित समय से नहीं होने पर 28 जुलाई को विद्यालय बंद करके धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान पीड़ित परिवार को एक मुश्त 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में पीड़ित परिवार के सदस्य को योग्यता के अनुरूप नौकरी दिए जाने की मांग भी की गई। विधायक ममतेश शाक्य ने शिक्षकों की मांग का समर्थन करते हुए डीएम से मांगों को पूरा करने, कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। इससे पूर्व शिक्षकों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बैठक कर शिक्षक की हत्या और लूटपाट की निंदा करते हुए रोष व्यक्त किया। इस दौरान मृतक शिक्षक की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। ज्ञापन देने जाने वालों में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शुभनेश यादव, दिलीप यादव, मंजू सोलंकी, पूर्णेंद्र सिंह लोधी, अंकित पुंडीर, मुनेश राजपूत, राकेश राजपूत मौजूद रहे।
सहायता के लिए शिक्षकों के वेतन से हो कटौती
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ने डीएम से अनुरोध किया कि मृतक शिक्षक सुनील चौहान के परिवार को आर्थिक सहायता के लिए शिक्षकों के वेतन से सौ-सौ रुपये की सामूहिक कटौती कर एकत्रित की जाए। एकत्रित धनराशि आर्थिक सहायता के रूप में शिक्षकों की ओर से पीड़ित परिवार को सौंपी जाए। उन्होंने इस संबंध में बीएसए एवं वित्त एवं लेखाधिकारी को निर्देशित करने की मांग की है। शिक्षक संघ ने लिखित सहमति पत्र भी जिलाधिकारी को सौंपा है।