मथुरा। यूपी एथलेटिक्स संघ एवं मथुरा जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में संस्कृति विश्वविद्यालय के सहयोग से 53वीं नेशनल क्रास कंट्री चैंपियनशिप भारत रत्न पं. अटल विहारी वाजपेयी की स्मृति में संस्कृति विवि में 20 जनवरी को आयोजित होगी।
विवि के वाइस चांसलर डॉ. राना सिंह ने बताया कि इसमें 331 पुरुष एवं 354 महिला खिलाड़ी यहां पहुंचेंगे। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष डॉ. अनिल वाजपेयी ने बताया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों-अधिकारियों के लिए ठहराव स्थल तक वाहनों की व्यवस्था रहेगी।
संघ के उपाध्यक्ष डॉ. ओम व संयुक्त सचिव पीयूष राघव ने बताया कि प्रतियोगिता में ओपन आयु वर्ग की महिला एवं पुरुष की 10 किमी, अंडर 20 पुरुष की 8 किमी, महिलाओं की 6 किमी, अंडर 18 बालिका की 6 व 4 किमी तथा बालिका-बालक अंडर 14 की दो किमी की दौड़ होगी।
उपाध्यक्ष सीपी सारस्वत ने बताया कि दौड़ के लिए विवि में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप दो किमी का कच्चा रूट तैयार किया गया है। संयुक्त सचिव जय सिंह ने बताया कि तैयारियों के समितियों का गठन किया गया है।
विवि के मैदान पर होगा भारत की टीम का चयन
एथलेटिक्स संघ के सचिव एवं नेशनल प्रतियोगिता निदेशक हरीमोहन रावत ने बताया कि विवि के मैदान पर ही देश की टीम में चयन होगा। इसी प्रतियोगिता में चुनी टीम एशियन चैंपियनशिप के लिए दोहा जाएगी। वार्ता में विवि के प्रशासनिक अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, संघ के कोषाध्यक्ष जय सिंह चौहान, छत्रपाल, राहुल आदि शामिल थे।