कोसीकलां (मथुरा)। श्रीरामलीला संस्थान की ओर से आयोजित ब्रज मंडल के भरत मिलाप मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। मेले में इस बार पुष्पक विमान पर ड्रोन से पुष्प वर्षा होगी। इसके अलावा सीता हरण की लीला उड़न खटोला के माध्यम से होगी। इस बार अपने नए अंदाज को लेकर यह मेला क्षेत्र में और अधिक प्रसिद्धि हासिल करेगा।
सोमवार को तालाबशाही स्थित संस्थान के भवन पर आयोजित बैठक में अध्यक्ष राहुल जैन कांमिया ने बताया कि रामलीला मंचन के लिए कलाकारों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। पुष्पक विमान भी पहले से भव्य होगा। मेले को भव्यता प्रदान करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
ढीले तारों व खंभों को ठीक कराने, खराब पड़े हाईमास्ट को दुरुस्त कराने, नालियों को ढकने व राम लीला मैदान को साफ कराने को कहा है। इस मौके पर मंत्री प्रमोद बठैनिया, राहुल अग्रवाल, संजय पटवारी, शृंगार प्रमुख विजय अगरारिया, लीला निर्देशक सत्यनारायण शर्मा, मेला आचार्य मोरमुकुट शास्त्री, अंकित गुप्ता, अजय गोयंका, देवेश गौड़ आदि थे।