मैनपुरी। निकाय चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। अब जनता के लिए विधानसभा चुनाव में हार का बदला लेने का मौका आ गया है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो विकास को तवज्जो देती है। इसलिए इसे विकास की पार्टी भी कहा जाता है। यह बातें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने क्रिश्चियन मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करने के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि अब निकाय चुनाव में पार्टी को जिताकर यह बताना है कि प्रदेश में गुंडाराज समाप्त हो चुका है। विकास के युग की नई शुरुआत हो चुकी है। विरोधी पार्टी पर वार कर करते हुए उन्होंने कहा कि वह सोच रही हैं कि लोकसभा चुनाव में आंधी बनकर उभरने वाली भाजपा अब तूफान कैसे बन गई। इसे रोकने के लिए कई प्रकार के योजनाएं बनाई जा रही हैं। लेकिन इसका असर पार्टी पर नहीं पड़ने वाला है। जिस प्रकार जनता ने प्रदेश सरकार के हाथ में खजाने की चाबी थमाकर भरोसा जताया है, उसी प्रकार निकाय चुनाव में भी जिले की चाबी थमाकर भरोसा कीजिए।
इस दौरान मंच पर जिलाअध्यक्ष आलोक गुप्ता, भोगांव विधायम राम नरेश अगिभनहोत्री, जिला प्रभारी हरिनाथ सिंह यादव, पूर्व मंत्री जयवीर सिंह, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया, जिला निकाय चुनाव प्रभारी अरविंद तोमर, बृजक्षेत्र मंत्री राहुल राठौर आदि मौजूद रहे।
अपराधी नहीं बख्शे जाएंगे
मैनपुरी। सभा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में बदले की भावना से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी लेकिन अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह कितना भी रसूख वाला क्यों न हो। उन्होंने कहा कि पिछली बार लोक सभा व विधानसभा के चुनाव में जिले में भाजपा की सरकार नहीं बन सकी। इसका कारण गुंडागर्दी से वोट हासिल करना रहा।
मंच टूटने की चेतावनी पर उतरे लोग
मैनपुरी। चुनावी सभा के दौरान मंच पर उपमुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कार्यकर्ता जुट गए थे। इस कारण मंच टूटने की आशंका को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने लोगों को ज्यादा संख्या में मंच पर मौजूद न रहने की सलाह दी। इसके बाद जब मंच से इस बार की घोषणा की गई तब जाकर कार्यकर्ता मंच से उतरे।