कुरावली (मैनपुरी)। घर से खाना खाने के बाद बुधवार की रात दुकान पर सोने जा रहे युवक को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दुकानदार की सैफई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला फर्दखाना निवासी मुकेश पाल (20) की घर से कुछ दूरी पर स्थित सरकारी स्कूल के समीप परचून की दुकान है। बुधवार की रात करीब 8.30 बजे वह घर से खाना खाने के बाद पैदल ही दुकान पर सोने के लिए जा रहा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया।
उपचार के लिए दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मुकेश को जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई के लिए रेफर कर दिया।
परिवारीजन उसे लेकर सैफई जा रहे थे। पर, रास्ते में ही मुकेश ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिवारीजन शव को लेकर गांव लौट गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।