मथुरा। सिपाही रामअवतार ने गेरुआ वस्त्र उतारकर एक बार फिर से वर्दी धारण कर ली है। सोमवार दोपहर को उसने नोएडा के सेक्टर 24 थाने पर पहुंचकर अपनी आमद करा दी। महंत बनने के लिए सिपाही रामअवतार नौ जून को सात दिन की छुट्टी लेकर नोएडा से निकला था।
मथुरा में उदासीन आश्रम जयसिंहपुरा में रविवार को गेरुआ वस्त्र धारण कर सिपाही पूरे आध्यात्मिक बातें भी कर रहा था। दो जून को आश्रम के महंत बाबा चंद्रमादास के ब्रह्मलीन होने पर शोड़षी कार्यक्रम में पहुंचा था। यहां पर खाली हुई गद्दी की लालसा के कारण सिपाही ने गेरुआ वस्त्र धारण किया था।
महंताई की चादर अलीगढ़ के श्यामसुंदर दास को ओढ़ाए जाने पर सिपाही ने लौटना मुनासिब समझा। एसपी सिटी नोएडा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सिपाही ने सोमवार की दोपहर ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। एक दिन लेट होने का कारण पूछा जाएगा। जवाब आने के बाद एक दिन का वेतन काटा जाएगा।