मंदिरों की नगरी वृंदावन में एक और भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे छटीकरा में 165 फीट ऊंची शिव मूर्ति का निर्माण होने जा रहा है। जेके ट्रस्ट की ओर संचालित श्री वैष्णो देवी मंदिर परिसर में ट्रस्ट द्वारा जल्द ही चार धाम स्थापित किए जाएंगे, जिसमें देवाधिदेव महादेव के साथ श्री राधाकृष्ण शनिदेव के मंदिर भी बनेंगे।
7.5 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस चार धाम मंदिर के कार्य को आगामी 24 माह में पूरा करने की योजना है। गुरुवार को चार धाम के डिजाइन का अनावरण भी किया गया। जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायदास अग्रवाल ने जे.सी. चौधरी को चार धाम मंदिर के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दी हैं।
141 फीट ऊंची है वैष्णो माता की प्रतिमा
आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड के संस्थापक/अध्यक्ष व जेके ट्रस्ट के चेयरमैन जे.सी. चौधरी ने गुरुवार को मां वैष्णो धाम में पत्रकार वार्ता में बताया कि तीर्थनगरी वृंदावन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा 2010 में विशालतम क्षेत्र में श्री वैष्णो देवी धाम की स्थापना की गई थी। जिसमें जमीन तल से 141 फीट ऊंची वैष्णो माता की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की गई। जो लिम्का बुक ऑफ इंडिया में दर्ज है।